
-मैदागिन स्थित गुरु गोरक्षनाथ मठ के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर पूज्य योगी आदित्यनाथ जी महाराज की पूजनीय माताजी के आकस्मिक निधन पर शोक संवेदनाओं का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदू युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में वाराणसी के मैदागिन स्थित गुरु गोरक्षनाथ मठ के केंद्रीय कार्यालय में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में संगठन की जिला एवं महानगर इकाई के पदाधिकारियों सहित 12 मंडलों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस दौरान सभी ने दिवंगत माताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। पूरा वातावरण शोक और संवेदना से भावुक नजर आया। उपस्थित लोगों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि मां का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है। मां का स्नेह, त्याग, संस्कार और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। पूज्य माताजी का निधन अत्यंत दुखद और हृदय को व्यथित करने वाला है। इस कठिन घड़ी में सभी ने पूज्य योगी आदित्यनाथ जी महाराज एवं उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से रामनाथ जी महाराज, निवर्तमान वाराणसी मंडल प्रभारी अम्बरीष सिंह भोला, निवर्तमान जिला संयोजक सुनील सिंह, वर्तमान जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह आशु, निवर्तमान महानगर प्रभारी मनीष मिश्रा, वर्तमान महानगर संयोजक सुनील कुशवाहा, वर्तमान महानगर अध्यक्ष अजय सिंह, वरिष्ठ महानगर उपाध्यक्ष सन्नी गुप्ता, रुद्र पांडेय, ओमप्रकाश जायसवाल, महानगर संगठन महामंत्री नीतिश सिंह (रौनक), महानगर मंत्री दिनेश अग्रहरी, महानगर मीडिया प्रभारी अभिषेक गोलू श्रीवास्तव, महानगर मंत्री मनीष वर्मा, महानगर कोषाध्यक्ष गप्पू सिंह, अश्वनी गुप्ता एवं सागर सेठ सहित 12 मंडल इकाइयों के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भाव व्यक्त किया।





