
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्यालय की त्रैमासिक राजभाषा पत्रिका ‘रेल संगम’ के निर्माण विभाग विशेषांक तथा वैगन मरम्मत कारखाना, झांसी की राजभाषा पत्रिका ‘रेल मंजूषा’ का विमोचन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने दैनिक कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित उपकरणों के कारण हिंदी में काम करना पहले की अपेक्षा अधिक सरल और प्रभावी हो गया है। उन्होंने रेलवे बोर्ड एवं गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप सभी आदेश, परिपत्र, सूचनाएं और दस्तावेज हिंदी अथवा हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप में जारी करने तथा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं दोनों भाषाओं में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रयागराज मंडल की कार्यप्रणाली, तकनीकी एवं प्रशासनिक गतिविधियों, परिसंपत्तियों, ऊर्जा और पर्यावरण प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर हिंदी में प्रस्तुति दी गई। मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार की प्रगति से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पाण्डेय ने किया, जबकि उप मुख्य राजभाषा अधिकारी डॉ. गरिमा त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।




