
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में प्रेमचंद सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में जून 2026 में सेवानिवृत्त हुए 02 अधिकारियों एवं 27 कर्मचारियों सहित कुल 29 रेलकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई तथा उनके समापक धनराशि का भुगतान किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार सहित लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। डीआरएम ने सेवानिवृत्त कर्मियों को सेवा मेडल, पीपीओ, मेडिकल कार्ड एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने समर्पण, कार्यकुशलता और सकारात्मक दृष्टिकोण से मंडल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देकर अमूल्य धरोहर छोड़कर जा रहे हैं। विशेष रूप से जनसंपर्क अधिकारी की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि श्री अशोक कुमार ने रेलवे और समाज के बीच विश्वास का मजबूत सेतु स्थापित किया।
वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार ने सेवानिवृत्ति को जीवन के नए अध्याय की शुरुआत बताते हुए सभी कर्मियों के सुखद, स्वस्थ एवं सफल भविष्य की कामना की।
इसी अवसर पर प्रशासनिक दक्षता और समयबद्धता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सेवानिवृत्त कर्मचारियों के रिक्त पदों पर 18 पात्र कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति पत्र प्रदान किए गए, जिससे कार्य प्रणाली में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित हुई।
समारोह के अंत में सेवानिवृत्त कर्मियों को आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए गए तथा UMID कार्ड एवं साइबर क्राइम जागरूकता सेमिनार का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी द्वारा किया गया।




