
- रिपोर्ट: पंकज झा..✍️
वाराणसी। जौनपुर जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 4 वर्षीय मासूम बच्ची का खून से लथपथ शव झाड़ियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची अपनी मां के साथ रिश्तेदारी में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में गई थी, जहां से वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर जफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। बाद में सुबह सरपत की झाड़ियों में बच्ची का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें डीएम और एसपी शामिल रहे, मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।





