
पश्चिम बंगाल से इस वक्त बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। राज्यपाल आर.एन. रवि ने पश्चिम बंगाल विधानसभा को भंग करने का आदेश जारी कर दिया है। कोलकाता गजट में अधिसूचना प्रकाशित होने के बाद ममता बनर्जी की सरकार संवैधानिक रूप से समाप्त हो गई है।
जानकारी के अनुसार, विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने के बाद राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 174(2)(b) के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए विधानसभा भंग करने का फैसला लिया। यह आदेश 7 मई 2026 से प्रभावी माना जाएगा। जारी अधिसूचना पर पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला के हस्ताक्षर भी बताए जा रहे हैं।
विधानसभा भंग होने के साथ ही राज्य सरकार की पूरी कैबिनेट भी समाप्त हो गई है। इसके साथ ही पिछले 15 वर्षों से पश्चिम बंगाल में चल रहा तृणमूल कांग्रेस का शासन भी खत्म हो गया। अब राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। चुनाव परिणाम आने के बाद ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था। कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा था कि वह राज्यपाल से मिलने नहीं जाएंगी और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा भी नहीं देंगी।
ममता बनर्जी ने दावा किया था कि उनकी नैतिक जीत हुई है और उनकी पार्टी चुनाव हारी नहीं, बल्कि हराई गई है। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी लड़ाई भाजपा से ज्यादा चुनाव आयोग से थी। उनके इस बयान के बाद राज्य में संवैधानिक संकट की स्थिति पैदा हो गई थी।





