
- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश: वृंदावन में हुए दर्दनाक नाव हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। गुरुवार को यमुना नदी से आखिरी लापता तीर्थयात्री का शव बरामद होने के बाद सभी लापता लोगों का पता चल गया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक, पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद निवासी 40 वर्षीय पंकज मल्होत्रा का शव एक सप्ताह तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद पानीघाट पुल के नीचे से बरामद किया गया।
तीर्थयात्रियों के समूह के साथ आए थे मृतक
पंकज मल्होत्रा हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में एक स्टील फैक्ट्री में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और लुधियाना के जगराओं से आए तीर्थयात्रियों के एक समूह का हिस्सा थे।
10 अप्रैल को हुआ था हादसा
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा 10 अप्रैल को उस समय हुआ था, जब तीर्थयात्रियों से भरी नाव केशी घाट के पास एक पोंटून ढांचे से टकराने के बाद पलट गई थी। इस दुर्घटना में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) पंकज कुमार वर्मा को सौंपी गई है।
प्रशासन हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही की गहन जांच कर रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।





