
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
Hathras, August 4: भगवान श्रीराम के कथित अपमान के विरोध में मंगलवार को हाथरस के घंटाघर चौराहे पर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम और सनातन धर्म के समर्थन में नारे लगाए तथा संबंधित मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विहिप, बजरंग दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि संसद में हुई घटना से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, देवी-देवता या धार्मिक प्रतीकों के कथित अपमान को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
विश्व हिन्दू परिषद के जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि सनातन समाज अपनी आस्था के सम्मान के लिए लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने संबंधित प्रकरण में कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसे मामलों पर सख्त कदम नहीं उठाए गए तो समाज में आक्रोश बढ़ेगा।
बजरंग दल के विभाग संयोजक हर्षित गोड़ ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं तो संगठन व्यापक आंदोलन करेगा। वहीं जिला संयोजक अनमोल अग्निहोत्री ने भी अपने संबोधन में राजनीतिक दलों और नेताओं पर तीखी टिप्पणी करते हुए विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विहिप जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, जिला सह मंत्री अमरदीप, जिला प्रसार प्रमुख अमित कुशवाहा, बजरंग दल जिला संयोजक अनमोल अग्निहोत्री, नगर अध्यक्ष संजय गर्ग, नगर उपाध्यक्ष दीपू वार्ष्णेय, डॉ. राहुल सिंह, राजीव प्रताप सिंह, नगर मंत्री विजय गुप्ता, तरुण, नवीन बजरंगी, हर्ष चौहान, सोनू पहलवान, शिवम पंडित सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





