
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा / यूपी हेड
Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में चार मंडलों के नए कमिश्नरों की नियुक्ति के साथ कई महत्वपूर्ण विभागों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज मंडल का आयुक्त (कमिश्नर) बनाया गया है। शम्भू कुमार को बरेली मंडल, वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडल तथा इन्द्र विक्रम सिंह को गोरखपुर मंडल का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश का श्रमायुक्त, प्रकाश बिन्दु को प्रबंध निदेशक, पीसीएफ, तथा भूपेन्द्र एस. चौधरी को सचिव, प्रशासनिक सुधार विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं संदीप कुमार को प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) नियुक्त किया गया है। पुष्प राज सिंह को गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव के साथ नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) का दायित्व सौंपा गया है।
सतीश पाल को विशेष सचिव, गृह विभाग, जबकि डॉ. बलकार सिंह को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) बनाया गया है।
सरकार ने रवीन्द्र को उनके वर्तमान पद प्रमुख सचिव, कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के साथ निदेशक, राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है।
इसके अलावा अनिल ढींगड़ा को आवास आयुक्त, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, निदेशक, नगर भूमि सीमारोपण, उत्तर प्रदेश तथा सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन-प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने और विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





