
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। विश्व बधिर सप्ताह 2026 के अवसर पर वाराणसी पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भारतीय सांकेतिक भाषा को लेकर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बधिर एवं दिव्यांगजनों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने, उनकी आवश्यकताओं को समझने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस की ओर से बेहतर सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के नेतृत्व एवं अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय के मार्गदर्शन में, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध श्रीमती नम्रिता श्रीवास्तवा के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट श्रीमती प्रज्ञा पाठक के सहयोग से आयोजित किया गया।
जागरूकता सत्र में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधिर एवं दिव्यांगजनों के साथ संवाद स्थापित करने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई। भारतीय सांकेतिक भाषा के माध्यम से संवाद की बुनियादी समझ विकसित करने के साथ ही इस बात पर जोर दिया गया कि पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिव्यांगजनों की जरूरतों को संवेदनशीलता के साथ समझते हुए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।
इस पहल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, प्रभावी और समावेशी बनाना है, ताकि बधिर एवं दिव्यांगजन किसी भी आवश्यकता अथवा आपात स्थिति में पुलिस से सहज रूप से संवाद कर सकें और उन्हें बेहतर सेवाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में सी.आर.सी. वाराणसी के निदेशक श्री आशीष कुमार झा, प्रशासनिक अधिकारी श्री अंशु शाही एवं लेखाकार श्री दिनेश जायसवाल सहित सी.आर.सी. वाराणसी की टीम की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और प्रभावी संवाद के लिए जागरूक किया गया।





