
-जनसुनवाई में 28 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चन्दौली जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं न्यायोचित निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया और उनके प्रार्थना पत्र प्राप्त किए गए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर शिकायतों के निस्तारण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर उन्हें न्याय दिलाना चन्दौली पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों और फरियादियों के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए। प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद उसके गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 28 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।




