
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. जौनपुर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जफराबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन वज्रपात के अंतर्गत पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक युवक को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान आकाश उर्फ कल्लू चौहान पुत्र राजदेव चौहान निवासी मसूदपुर कबूलपुर, थाना जफराबाद, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 नवंबर की देर रात जफराबाद थाना पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के हौज के पास मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने अवैध असलहे की बरामदगी के आधार पर गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना जफराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 293/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय जौनपुर भेज दिया गया।




