
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदेश सरकार के निर्देश पर संचालित एकमुश्त समाधान योजना (OTS-2026) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्राधिकरण सभागार में सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में संपत्ति विभाग और मानचित्र अनुभाग से जुड़े कर्मचारियों की उपस्थिति में बकाया वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई अधिकारियों से फीडबैक लेकर मौजूदा स्थिति का आकलन किया गया और आगे की रणनीति तय की गई।
सचिव महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बकायेदारों से सीधे संपर्क स्थापित किया जाए और वसूली कार्य को गति देने के लिए ठोस योजना अपनाई जाए। इसके तहत डोर-टू-डोर अभियान चलाने के लिए विशेष टीमों के गठन का निर्देश भी दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक OTS-2026 योजना का लाभ पहुंच सके और वे बकाया भुगतान के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने यह भी कहा कि यह योजना बकायेदारों के लिए राहत का अवसर है, लेकिन जो लोग इसका लाभ नहीं लेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जोनल अधिकारियों और अवर अभियंताओं को फील्ड में सक्रिय भूमिका निभाने और वसूली प्रक्रिया में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए गए। सचिव ने साफ कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर नगर नियोजक प्रभात कुमार, संपत्ति अधिकारी रमेश चंद दुबे सहित संबंधित जोनल अधिकारी, अवर अभियंता और संपत्ति विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।





