
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान विकास सेठ उर्फ विक्की (42) निवासी रेशम कटरा, थाना चौक, हाल पता चंद्रा टावर, नाटी इमली के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई को आरोपी की पत्नी ने डायल-112 और चेतगंज पुलिस को सूचना दी कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी के पास अवैध पिस्टल भी है। सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची और नाटी इमली चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह को जानकारी दी।
पुलिस टीम ने महिला की निशानदेही पर आरोपी के घर पहुंचकर उसके बिस्तर से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। आरोपी को मौके से हिरासत में लेकर उसके खिलाफ चेतगंज थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेजा जा रहा है।





