
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। सावन माह में काशी आने वाले लाखों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने कांवड़ मार्गों पर विशेष प्रतिबंध लागू करने का निर्णय लिया है। नगर निगम प्रशासन ने शहर की सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी कांवड़ मार्गों पर अवैध रूप से संचालित मांस, मछली और मुर्गा विक्रेताओं की दुकानों को तत्काल प्रभाव से बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के पालन के लिए जोनवार विशेष अभियान चलाया जाएगा।
नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक भावनाओं का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण एवं सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम की टीमें कांवड़ मार्गों, प्रमुख सड़कों और बाजारों में लगातार अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित मांस, मीट और मछली की दुकानों की जांच करेंगी। जहां भी आदेश का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां तत्काल दुकान बंद कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने सभी दुकानदारों और विक्रेताओं को स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना कर दुकान संचालित करने या अवैध बिक्री करने वालों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सावन माह के दौरान कांवड़ मार्गों पर निगरानी और चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और धार्मिक वातावरण की गरिमा बनी रहे।




