- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसाईपुर मोहांव गांव में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ की गई कार्रवाई अचानक बेकाबू हो गई, जब खनन विभाग की टीम पर कथित तौर पर खनन माफियाओं और उनके समर्थकों ने हमला कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध खनन पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों को जब्त किया था। जांच में करीब 700 घन मीटर अवैध मिट्टी खनन पाए जाने की पुष्टि हुई।
कार्रवाई पूरी करने के बाद जब टीम जब्त वाहनों को लेकर थाने की ओर रवाना हुई, तभी रास्ते में लगभग 20 लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि भीड़ ने खनन निरीक्षक और मौके पर मौजूद होमगार्ड को जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कार्रवाई में बाधा डालते हुए जब्त जेसीबी और ट्रैक्टरों को जबरन छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद विभागीय स्तर पर हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने अज्ञात 20 लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम सहित सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।
यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में सक्रिय अवैध खनन नेटवर्क और माफियाओं के बेखौफ रवैये पर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन की अगली कार्रवाई पर अब सबकी नजरें टिकी हैं।





