
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। गोरखपुर रेलवे प्रशासन द्वारा परिचालनिक कारणों से छपरा जंक्शन से 19 जून 2026 को चलने वाली विभिन्न ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। इस बदलाव के तहत कई प्रमुख एक्सप्रेस और मेमू गाड़ियों को उनके निर्धारित प्लेटफॉर्म से अलग प्लेटफॉर्म पर संचालित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को यात्रा से पहले प्लेटफॉर्म की जानकारी अद्यतन रूप में देखने की सलाह दी गई है।
जारी सूची के अनुसार भागलपुर–जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र–बलिया मेमू, दरभंगा–नई दिल्ली एक्सप्रेस, हावड़ा–काठगोदाम एक्सप्रेस, ललितग्राम–नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस, जयनगर–अमृतसर एक्सप्रेस और बरौनी–गोंदिया एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को प्लेटफॉर्म 01 के स्थान पर प्लेटफॉर्म 04 से चलाया जाएगा, वहीं संबलपुर–गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म 02 से 04 पर स्थानांतरित किया गया है, जबकि बलिया–सियालदह एक्सप्रेस, जयनगर–अमृतसर स्पेशल और बरौनी–नई दिल्ली स्पेशल जैसी ट्रेनों को प्लेटफॉर्म 03 से 04 पर शिफ्ट किया गया है।
इसके अलावा दरभंगा–नई दिल्ली स्पेशल, नई दिल्ली–जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और आनंद विहार टर्मिनस–रक्सौल एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म 05 पर भेजा गया है, अहमदाबाद–दरभंगा एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म 06 पर तथा वाराणसी सिटी–छपरा सवारी एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म 07 से संचालित किया जाएगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह सभी परिवर्तन केवल 19 जून 2026 के लिए लागू रहेंगे और यात्रियों को स्टेशन पर पहुंचकर प्लेटफॉर्म डिस्प्ले बोर्ड से पुष्टि करने की सलाह दी गई है।




