
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवलाई इलाके में 18 वर्षीय युवक ने पहाड़ी से छलांग लगाने की कोशिश की। करीब तीन घंटे तक परिजन, ग्रामीण और पुलिस उसे समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन युवक नहीं माना। बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी पहाड़ी से नीचे गिर गए। पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने खोने के बाद मां ने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। घटना में तीनों की मौत हो गई।
तीन घंटे तक बेटे को समझाते रहे परिजन
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। देवलाई निवासी 18 वर्षीय युवक आत्महत्या के इरादे से पहाड़ी के किनारे पहुंच गया और नीचे कूदने की धमकी देने लगा। बेटे को इस हालत में देखकर माता-पिता ने उसे काफी देर तक समझाया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने भी युवक को सुरक्षित स्थान पर आने के लिए मनाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि युवक लगातार पहाड़ी से कूदने की बात कह रहा था। मां-बाप उसे भविष्य का वास्ता देकर वापस आने की गुहार लगाते रहे, लेकिन करीब तीन घंटे तक चली कोशिश के बावजूद युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा।
बेटे को पकड़ने की कोशिश में पिता भी गिरे
दोपहर करीब एक बजे युवक पहाड़ी के अंतिम छोर की ओर बढ़ने लगा। उसे बचाने के लिए पिता तुरंत उसके पास पहुंचे और पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी से नीचे खाई में जा गिरे।
पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने नीचे गिरते देख मां बदहवास हो गई। कुछ ही देर बाद उसने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसर गया।
घटना के दौरान वीडियो बनाते रहे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद पुलिस और परिजन युवक को बचाने की लगातार कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोग और पर्यटक कथित तौर पर घटना का वीडियो बनाते रहे।
प्रत्यक्षदर्शी संजय जाधव के मुताबिक, मां लगातार अपने बेटे से नीचे नहीं कूदने की अपील कर रही थी। पुलिस और परिवार के अन्य लोगों ने भी उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आखिरकार स्थिति बेहद दुखद हादसे में बदल गई।




