
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई। क्राइस्ट चर्च स्कूल की छुट्टी होते ही हजरतगंज और आसपास के इलाकों में भीषण जाम लग गया। चिलचिलाती गर्मी के बीच घंटों जाम में फंसे लोगों का हाल बेहाल हो गया और प्रशासन के दावे फेल साबित होते दिखे।
मुख्यमंत्री आवास से महज 200 मीटर की दूरी पर वाहन लंबी कतारों में फंसे रहे। हजरतगंज के पार्क रोड पर यातायात पूरी तरह थम गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गर्मी और उमस के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के पसीने छूट गए।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब सिविल अस्पताल के पास एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई। मरीज और उसके परिजन काफी देर तक परेशान रहे। वहीं डायल 112 की पुलिस गाड़ी भी ट्रैफिक जाम में फंसी नजर आई, जिससे यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
राजधानी में लगातार लग रहे जाम से आम जनता परेशान है। लोगों का कहना है कि बड़े-बड़े दावों के बावजूद लखनऊ ट्रैफिक पुलिस शहर की यातायात व्यवस्था संभालने में नाकाम साबित हो रही है। भीषण गर्मी और जाम की दोहरी मार ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।





