
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और 35,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को ओमनगर कॉलोनी, गोईठहां निवासी श्लोक तिवारी पुत्र अश्वनी तिवारी ने अपने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में बताया गया था कि अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए हैं। इस मामले में थाना लालपुर-पांडेयपुर में मुकदमा अपराध संख्या 0264/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305ए, 331(4) और 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर 1 नवंबर 2026 की रात करीब 11:20 बजे आजमगढ़ रिंग रोड से संदहा की ओर जाने वाले सर्विस लेन पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों मनोज पटेल, अभिषेक राजभर उर्फ भोनू और राहुल कुमार गौंड को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
बरामद आभूषणों में शामिल हैं— एक सफेद धातु का करधन, एक पीली धातु की गले की चेन, दो अंगूठियां, एक मांगटीका, दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी पाजेब, दो जोड़ी कान के टॉप्स, एक जोड़ी झुमके और एक लॉकेट। इसके अलावा 35,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। चोरी के मामले में आभूषणों और नकदी की बरामदगी के बाद पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





