
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली दीपावली के बाद भी अवैध पटाखों के भंडारण का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। चंदौली के सैयदराजा कस्बे में पुलिस ने लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में संचालित अवैध पटाखों के बड़े गोदाम का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 39 बोरियों में भरे कुल 525 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घनी रिहायशी आबादी के बीच इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर 2026 की रात करीब नौ बजे थाना सैयदराजा में तैनात आरक्षी राजू सिंह ने यक्ष ऐप पर बीट सूचना दर्ज कराई थी। इसमें वार्ड नंबर एक, अंबेडकरनगर कस्बा सैयदराजा स्थित रामजानकी मंदिर के सामने एक लाई-चूड़ा की दुकान में भारी मात्रा में पटाखे रखे होने की जानकारी दी गई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने क्षेत्राधिकारी सदर को अवगत कराया और पुलिस टीम के साथ मौके पर छापेमारी की।
पुलिस ने दुकान और उससे जुड़े मकान की तलाशी ली। इस दौरान मकान की तीसरी मंजिल पर बोरियों और गत्तों में भरकर रखे गए भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर 39 बोरियों में कुल 525 किलोग्राम पटाखे पाए गए। पूरी कार्रवाई की ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी भी कराई गई।
इस मामले में पुलिस ने मनोज कुमार पुत्र मोहन साव निवासी वार्ड नंबर एक, कस्बा एवं थाना सैयदराजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बिना वैध लाइसेंस और अनुमति के घनी आबादी के बीच सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए विस्फोटक सामग्री का भंडारण कर रहा था। इससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
बरामद पटाखों में चटाई बम, हवाई बम, माचिस बम, चकरी, फुलझड़ी, रॉकेट बम, टाइमिंग बम, डायनामाइट बम, चुटपुटिया बम सहित कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं।
पुलिस ने इस संबंध में थाना सैयदराजा में मुकदमा अपराध संख्या 322/2026 के तहत धारा 288 भारतीय न्याय संहिता एवं विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9बी में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षकों, मुख्य आरक्षियों, आरक्षियों और महिला आरक्षी सहित सैयदराजा थाने की पुलिस टीम शामिल रही।





