
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले पर कंचन भवन पीठाधीश्वर महंत विजय दास ने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है, इसलिए जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार के निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
महंत विजय दास ने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है और सभी को जांच एजेंसियों पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने अपील की कि बिना प्रमाण के किसी पर आरोप-प्रत्यारोप करने या अफवाह फैलाने से बचें। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर सच्चाई स्पष्ट होगी।
उन्होंने कहा कि न्याय प्रक्रिया का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है और जल्दबाजी में कोई भी निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है। संत समाज की ओर से भी सभी लोगों से शांति, संयम और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपील की गई है।




