
-गाजीपुर पुलिस लाइन में लाइव प्रसारण के जरिए जुड़े 400 ग्राम प्रहरी, डीएम और एसपी ने दी बधाई; त्योहारों पर सतर्कता बरतने के निर्देश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: गाजीपुर ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ग्राम प्रहरियों के लिए दीपावली से पहले बड़ी खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम प्रहरियों के मासिक मानदेय में 40 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। इसके तहत अब उन्हें ₹2,500 के स्थान पर ₹3,500 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इस फैसले से प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना ₹12,000 का अतिरिक्त लाभ होगा।
मंगलवार को ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह के तहत आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गाजीपुर पुलिस लाइन स्थित सभागार में किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में जनपद के विभिन्न थानों से आए करीब 400 ग्राम प्रहरी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद ग्राम प्रहरियों में खुशी का माहौल रहा।
रिक्त पदों पर भर्ती और सुविधाओं पर जोर
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि के साथ रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा उनके सामाजिक और स्वास्थ्य कल्याण से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ग्राम प्रहरी लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस को महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं।
त्योहारों पर सतर्क रहने के निर्देश
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मानदेय वृद्धि पर ग्राम प्रहरियों को बधाई दी। अधिकारियों ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांवों की सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सतर्कता और सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने सभी ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अराजक तत्वों की मौजूदगी अथवा आपराधिक घटना से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाने या बीट आरक्षी को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं
कार्यक्रम के समापन पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी लाइन सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने उनके कर्तव्यनिष्ठ योगदान की सराहना करते हुए आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।




