
चंदौली में जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया ग्राम चौकीदारों का उत्साह, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रहरियों (ग्राम चौकीदारों) के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए उनके मासिक मानदेय में 40 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसके तहत अब ग्राम प्रहरियों को 2500 रुपये के स्थान पर 3500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। शासन के इस निर्णय को ग्रामीण पुलिस व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
इस अवसर पर मंगलवार को जनपद चंदौली में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जनपद के विभिन्न थानों से जुड़े ग्राम चौकीदारों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा और सुना।
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य और राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने विशेष रूप से प्रतिभाग किया। जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रहरियों का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय कुमार राय और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
गांवों में कानून-व्यवस्था की अहम कड़ी हैं ग्राम प्रहरी
ग्राम चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था की मजबूत जमीनी कड़ी माने जाते हैं। गांवों की भौगोलिक परिस्थितियों, स्थानीय गतिविधियों और सामाजिक परिवेश की जानकारी होने के कारण उनकी भूमिका अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बेहद महत्वपूर्ण होती है।
ग्राम प्रहरी अपने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, आपराधिक घटनाओं, संभावित विवादों और सामाजिक तनाव से जुड़ी सूचनाएं संबंधित पुलिस थाने तक पहुंचाते हैं। उनकी सतर्कता से पुलिस को समय रहते आवश्यक कदम उठाने और संभावित घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलती है।
इसके अलावा त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान गांवों की परिस्थितियों से पुलिस को अवगत कराने में भी ग्राम चौकीदारों का योगदान महत्वपूर्ण रहता है। वे पुलिस और ग्रामीण जनता के बीच संपर्क सूत्र के रूप में कार्य करते हुए जनसहयोग आधारित पुलिसिंग को मजबूती प्रदान करते हैं।
मानदेय वृद्धि से मिलेगा प्रोत्साहन
ग्राम प्रहरियों के मानदेय में 40 प्रतिशत की वृद्धि को उनके योगदान के प्रति शासन की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये किए जाने से उन्हें आर्थिक रूप से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की घोषणा से स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के समय भी लाभ मिलने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क एवं सक्रिय रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि, संभावित आपराधिक घटना अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचना तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभाने पर जोर दिया गया।
चंदौली पुलिस ने अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और प्रभावी पुलिसिंग के लिए ग्राम चौकीदारों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।





