
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 15 मई से 05 जून तक विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय के नेतृत्व में विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 25 मई को बनारस, वाराणसी सिटी, बलिया, गाजीपुर सिटी, आजमगढ़, प्रयागराज रामबाग, सलेमपुर, भटनी, देवरिया सदर, सीवान और छपरा स्टेशनों पर प्रभात फेरी, प्लास्टिक प्रदूषण उन्मूलन अभियान तथा डिजिटल माध्यमों से पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए।

रेलवे कर्मचारियों को प्लास्टिक कचरा कम करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए कार्यशालाओं के माध्यम से जागरूक किया गया। इसके साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया तथा पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तन रखने की पहल की गई।

पर्यावरण विषय पर पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को सम्मानित किया गया। वहीं स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले सफाई मित्रों को भी पुरस्कृत किया गया।




