
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi/Chaubepur, Loksatya. देव दीपावली के पावन अवसर पर धर्म और आस्था की नगरी काशी के कैथी क्षेत्र में गंगा-गोमती संगम का नजारा देखते ही बन रहा था। मार्कंडेय महादेव घाट से लेकर गंगा-गोमती संगम तट तक सवा लाख दीपों की रोशनी ने पूरे क्षेत्र को दिव्य आभा से आलोकित कर दिया। गंगा की लहरों के बीच टिमटिमाते दीपों और घाटों पर सजी दीपमालाओं ने ऐसा मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया कि श्रद्धालु इस अलौकिक छटा को निहारते रह गए। चारों ओर दीपों की जगमगाहट, भक्ति के स्वर और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
इस भव्य दीपोत्सव का आयोजन मां जान्हवी प्रज्ञा सेवा समिति की ओर से किया गया। आयोजन में बच्चों, महिलाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर घाटों पर दीप सजाए और मां गंगा के चरणों में दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। हजारों श्रद्धालुओं ने दीपदान कर इस पावन पर्व को यादगार बनाया।
वहीं, ढाखा स्थित गौरीशंकर महादेव घाट पर भी 5100 दीप प्रज्वलित कर भव्य दीपोत्सव मनाया गया। पं. प्रभुनाथ चौबे के निर्देशन में विधि-विधान से महाआरती और गंगा पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दीपों की रोशनी से सजे घाटों पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
देव दीपावली की यह दिव्य छटा केवल कैथी और ढाखा तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि सरसौल, राजवारी, चंद्रावती और गौरा उपरवार सहित आसपास के क्षेत्रों में भी दीपोत्सव धूमधाम से मनाया गया। हर तरफ दीपों की कतारों ने आस्था और सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आचार्य भारत भूषण दास जी महाराज सहित कुन्दन सिंह, अजय सिंह, जगदीश गिरी, नितेश गिरी, भोला सिंह, तेरसु प्रजापति, लल्लू यादव और बजरंगी निषाद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गंगा-गोमती संगम पर सवा लाख दीपों की यह जगमगाहट केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि काशी की सनातन संस्कृति, लोकआस्था और सामूहिक सहभागिता की ऐसी अनुपम तस्वीर बन गई, जिसकी दिव्यता लंबे समय तक श्रद्धालुओं के मन में स्मरणीय रहेगी।




