
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सिगरा पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए थाना क्षेत्र के एक होटल में कार्रवाई कर टप्पेबाजी, ठगी और चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं में संलिप्त बताए जा रहे दक्षिण भारतीय गिरोह के 14 सदस्यों को पकड़ा है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है।
पकड़े गए लोगों में 10 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गिरोह की गतिविधियों को लेकर अहम सुराग मिलने के बाद होटल में कार्रवाई की गई। इसके बाद सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह कब से वाराणसी में सक्रिय था और किन-किन स्थानों पर उसने अपनी गतिविधियों को अंजाम दिया है।
पूछताछ के दौरान टप्पेबाजी, ठगी और चेन स्नेचिंग की संभावित घटनाओं के साथ-साथ गिरोह के काम करने के तरीके, स्थानीय संपर्कों और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह के सदस्यों का किसी अन्य आपराधिक नेटवर्क से संबंध तो नहीं है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र की सक्रियता और पुलिस टीम की सतर्कता की सराहना हो रही है। अपराधियों पर नजर रखने और संदिग्ध गतिविधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करना सिगरा पुलिस की मुस्तैदी को दर्शाता है।
फिलहाल सभी से पूछताछ जारी है। पुलिस जांच के बाद ही गिरोह की वास्तविक गतिविधियों, संभावित वारदातों और अन्य सदस्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।




