
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर होते ही गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुबह की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा का पर्व उन श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है, जो पूरे कार्तिक मास में नियमित रूप से गंगा स्नान का संकल्प लेते हैं। इस पावन अवसर पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने ब्राह्मणों और घाट पुरोहितों को यथाशक्ति दान-दक्षिणा देकर पूरे कार्तिक मास के स्नान संकल्प की पूर्णाहुति की। दशाश्वमेध घाट पर धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा-पाठ और दान-पुण्य का सिलसिला लगातार चलता रहा। घाटों पर कहीं श्रद्धालु दीपदान और पूजन करते नजर आए तो कहीं पुरोहितों के सानिध्य में धार्मिक विधियां संपन्न कराई गईं। श्रद्धालुओं के चेहरों पर भक्ति और आध्यात्मिक संतोष का भाव देखने को मिला।

गंगा स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं का रुख अपने आराध्य बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दरबार की ओर हुआ। तड़के से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने घंटों इंतजार के बाद बाबा का दर्शन कर जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-शांति, आरोग्य तथा मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर की ओर जाने वाली गलियों, गोदौलिया, चौक और आसपास के प्रमुख मार्गों पर दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही। हर ओर बाबा विश्वनाथ के जयकारे और धार्मिक आस्था का वातावरण नजर आया।
पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। गंगा घाटों से लेकर मंदिर परिसर, गलियों और प्रमुख मार्गों तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन के साथ एनडीआरएफ, सीआरपीएफ, जल पुलिस और पीएसी के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा। घाटों और जलमार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई, वहीं भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मी लगातार सक्रिय रहे।
प्रमुख घाटों पर तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते और सुरक्षित स्नान के लिए जागरूक करते नजर आए। वहीं मंदिर मार्गों पर भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे दर्शनार्थियों को व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचने में सहायता मिल सके।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पुलिस प्रशासन, सुरक्षा बलों और संबंधित विभागों की सक्रियता सराहनीय रही। आस्था के इस महापर्व पर जहां गंगा घाटों पर भक्ति की अविरल धारा बहती नजर आई, वहीं बाबा विश्वनाथ के दरबार में श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा ने काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया। श्रद्धा, भक्ति और सुरक्षा व्यवस्था के सुंदर समन्वय के साथ कार्तिक पूर्णिमा का पर्व भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।




