
- Samacar tody 24 news Pankaj Jha✍️
Varanasi. सोनभद्र पांच साल से अपनी बेटी की राह देख रहे माता-पिता का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। सोनभद्र पुलिस ने आधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए वर्ष 2021 से लापता युवती को राजस्थान के चूरू से सकुशल बरामद कर परिवार से मिला दिया। बेटी को पांच साल बाद सामने देखकर माता-पिता की आंखें खुशी के आंसुओं से भर उठीं।
दरअसल, थाना बभनी क्षेत्र की रहने वाली युवती वर्ष 2021 से लापता थी। परिवार के पास उसकी कोई हालिया तस्वीर भी उपलब्ध नहीं थी, जिसके चलते तलाश में काफी मुश्किलें आ रही थीं। ऐसे में आरक्षी विजय पांडे ने तकनीक का सहारा लेते हुए एक अनूठी पहल की। उन्होंने वर्ष 2007 के पुराने छात्रवृत्ति आवेदन पत्र पर लगी युवती की बचपन की धुंधली तस्वीर और उसके माता-पिता के चेहरे के आधार पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से उसका संभावित वर्तमान चेहरा तैयार किया।

तैयार तस्वीर जब परिजनों को दिखाई गई तो उन्होंने अपनी बेटी को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने तलाश तेज की और आखिरकार राजस्थान के चूरू में युवती का पता लगाकर उसे सकुशल बरामद कर लिया।
पांच वर्षों से बेटी की वापसी की उम्मीद लगाए बैठे माता-पिता के लिए यह पल किसी सपने के सच होने जैसा था। अपनी लाडली को सामने पाकर परिवार भावुक हो उठा और घर में एक बार फिर खुशियां लौट आईं।
पुलिस की इस सराहनीय पहल में तकनीकी दक्षता के साथ संवेदनशीलता की भी मिसाल देखने को मिली। इस उपलब्धि के लिए पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने आरक्षी विजय पांडे को सम्मानित किया। सोनभद्र पुलिस की यह सफलता साबित करती है कि आधुनिक तकनीक का सही इस्तेमाल किसी परिवार की वर्षों पुरानी उम्मीद को भी हकीकत में बदल सकता है।




