
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शुक्रवार को बनारस कोचिंग डिपो का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनुरक्षण के लिए खड़े वातानुकूलित (एसी) कोचों की स्थिति का जायजा लिया और मानसून के दौरान जल रिसाव तथा वर्षा जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने एसी कोचों की छत, दरवाजों, खिड़कियों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान जल रिसाव की सभी संभावनाओं को समयबद्ध तरीके से समाप्त किया जाए तथा प्रत्येक कोच में वर्षा जल की समुचित निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मंडल रेल प्रबंधक ने वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अनुरक्षण एवं सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मानसून के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक तकनीकी बिंदु पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
रेल प्रशासन का उद्देश्य सभी एसी कोचों को पूरी तरह सुरक्षित, तकनीकी रूप से फिट और यात्रियों की सेवा के लिए हर समय तैयार रखना है।





