
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: कमिश्नरेट वाराणसी की चेतगंज थाना पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए भदोही से भटककर वाराणसी पहुंचे दो नाबालिग बच्चों को सकुशल उनके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया।
जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को करीब 9 और 11 वर्ष की उम्र के दो बच्चे, जो एक-दूसरे के पड़ोसी हैं, बिना बताए अपने घर से निकलकर वाराणसी पहुंच गए थे। दोनों बच्चे आंध्र पुल के पास घूमते हुए मिले। एक जागरूक नागरिक उन्हें सुरक्षित थाना चेतगंज लेकर पहुंचा।
थाना चेतगंज पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित थाने में रखकर उनसे पूछताछ की। बच्चों द्वारा बताए गए नाम और पते के आधार पर जनपद भदोही पुलिस से संपर्क किया गया। इसके बाद बच्चों के परिजनों को सूचना दी गई।
7 अगस्त 2026 की सुबह परिजन थाना चेतगंज पहुंचे, जहां पुलिस ने दोनों बच्चों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने चेतगंज पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस की कार्यशैली की भरपूर प्रशंसा की।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक अली अतहर, उपनिरीक्षक संदीप चौरसिया, कांस्टेबल उमेश कुमार सिंह प्रथम तथा महिला कांस्टेबल सारिका सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





