
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत 11वीं एनडीआरएफ, वाराणसी द्वारा तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के बचाव कार्मिकों ने कमांडिंग ऑफिसर श्री अनूप सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर तिरंगा यात्रा में भाग लिया। जवानों ने आमजन को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान भारत की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का आह्वान किया गया। 11वीं एनडीआरएफ, वाराणसी द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह, सम्मान एवं गौरव के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के जवानों ने अपने कर्तव्य निर्वहन के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण, जन-जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता के कार्यों में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।




