
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। लोहता कोटवा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े भरथरा गांव में बीती देर रात से विद्युत आपूर्ति ठप है। पूरी रात ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह से शिकायत नंबर पर लगातार फोन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से समस्या के समाधान को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, कमला विद्या मंदिर स्कूल के पास लगे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर का फ्यूज गायब है, जिसकी सूचना विद्युत विभाग को दे दी गई है। इसके बावजूद सुबह से शाम तक कोई विद्युतकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। बारिश के मौसम में बिजली गुल होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल मौके पर टीम भेजकर फॉल्ट दुरुस्त कराने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।




