
पंचदेवरी रनिंग रूम और हथुआ गुड्स शेड के साथ महाराजगंज व बसन्तपुर हॉल्ट का लिया जायजा
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने मंडलीय अधिकारियों के साथ सीवान–पंचदेवरी तथा दुरौंधा–मशरख रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों, हॉल्ट, रनिंग रूम, गुड्स शेड और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को यात्री सुविधाओं, संरक्षा, स्वच्छता और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
पंचदेवरी हॉल्ट स्थित ड्राइवर एवं गार्ड रनिंग रूम के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने खराब एवं पुराने पंखों को बदलने, अतिरिक्त टेबल-कुर्सियों की व्यवस्था करने तथा लिनेन की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इसके बाद डीआरएम ने हथुआ गुड्स शेड का निरीक्षण कर निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
विंडो निरीक्षण के दौरान रेलपथ, स्टेशन, प्लेटफॉर्म, सिगनल, ओएचई, समपार फाटक, पुल-पुलियों, साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, निर्माणाधीन कार्यों और रेल परिसंपत्तियों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। डीआरएम ने रेल परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा।
महाराजगंज हॉल्ट पर स्टेशन भवन और फुट ओवर ब्रिज की समीक्षा
दुरौंधा–मशरख रेलखंड के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने महाराजगंज हॉल्ट पर निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन का जायजा लिया। उन्होंने सभी कमरों का कार्य शीघ्र पूरा कराने के साथ यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए सीढ़ियों और दिव्यांग रैंप का निर्माण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में पार्किंग सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित करने तथा निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा। स्टेशन पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यात्री सुविधाओं के बेहतर रखरखाव के भी निर्देश दिए गए।
निर्माणाधीन गुड्स शेड के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने उपयुक्त एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, मर्चेंट रूम, लेबर शेड, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। क्रॉसिंग गेट पर निर्माणाधीन एलएचएस के कार्य को भी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
बसन्तपुर हॉल्ट पर यात्री सुविधाओं और तकनीकी कक्षों का निरीक्षण
बसन्तपुर हॉल्ट पर डीआरएम ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन स्टेशन पैनल, आईपीएस रूम और रिले रूम का निरीक्षण किया। यात्रियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए यात्री प्रतीक्षालय और कर्मचारी रेस्ट रूम के प्रावधान के भी निर्देश दिए।
डीआरएम आशीष जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास एवं निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं, संरक्षा, स्वच्छता और रेल परिसंपत्तियों के रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय, सहायक मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर अशोक कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण मशूद अहमद सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।





