
-मंडल चिकित्सालय में लगा स्वास्थ्य शिविर, 41 सफाई मित्रों की हुई जांच; PPE किट व सुरक्षा उपकरण वितरित
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कार्यस्थल पर उनकी सुरक्षा को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से सराहनीय पहल की गई। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधुरी के नेतृत्व में 30 सितम्बर को मंडल चिकित्सालय, वाराणसी में ‘सफाई मित्र सुरक्षा शिविर’ का आयोजन किया गया।
शिविर में विभागीय एवं संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों तथा सुपरवाइजरों सहित कुल 41 सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्य के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सफाई मित्रों को PPE किट एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी वितरित किए गए।
स्वास्थ्य जांच के दौरान 3 सफाई मित्रों में उच्च रक्तचाप (HTN) तथा 6 में टाइप-2 मधुमेह (T2DM) की पहचान हुई। संबंधित कर्मचारियों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए गए।
शिविर के माध्यम से सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के साथ-साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। रेलवे की इस पहल से सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण और सुरक्षित कार्य वातावरण को लेकर संवेदनशीलता का संदेश गया।





