
- ज्ञानेश वर्मा / यूपी हेड
लखनऊ/शिरडी। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के शुभ अवसर पर शिरडी स्थित साईं बाबा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिला। आंध्र प्रदेश के वेल्लूर निवासी एक श्रद्धालु ने साईं बाबा के चरणों में करीब 1.03 करोड़ रुपये मूल्य का 642 ग्राम वजनी स्वर्ण मुकुट गुरुदक्षिणा के रूप में भेंट किया।
जानकारी के अनुसार, श्रीनिवास राव ने विशेष रूप से तैयार कराया गया यह नक्काशीदार स्वर्ण मुकुट साईं बाबा को अर्पित किया। मुकुट का वजन 642 ग्राम है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख रुपये बताई जा रही है।

इस भव्य मुकुट की खासियत यह है कि इसमें नवग्रहों की आकृतियां उकेरी गई हैं। साथ ही इसे अमेरिकन डायमंड से सजाया गया है, जिससे इसकी सुंदरता और आकर्षण कई गुना बढ़ गया है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शिरडी साईं मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।




