
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चोलापुर थाना पुलिस ने लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोलापुर पुलिस टीम ने 11 सितंबर 2026 को रात करीब 2:50 बजे मां दुर्गा माता मंदिर, भैठोली के पास से आरोपी सचिन पुत्र दिलीप कुमार, निवासी ग्राम औरा, थाना चोलापुर, वाराणसी, उम्र करीब 18 वर्ष तथा दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया।
मामला थाना चोलापुर में दर्ज मु0अ0सं0 378/2026, धारा 309(4) बीएनएस से संबंधित है। पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को वादी ने तहरीर देकर बताया था कि तीन अज्ञात लड़कों ने उसका मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद लूट लिए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिकेत श्रीवास्तव द्वारा की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 200 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





