
समाचार टुडे वाराणसी
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में आज एक सख्त और व्यापक ‘बस रेड’ टिकट जांच अभियान चलाया गया, जिसमें बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा के नेतृत्व में यह अभियान हरदत्तपुर स्टेशन को आधार बनाकर बनारस-हरदत्तपुर रेल खंड पर संचालित किया गया। इस दौरान बनारस–प्रयागराज रामबाग रेलखंड पर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों—15004 चौरीचौरा एक्सप्रेस, 22132 ज्ञानगंगा एक्सप्रेस, 12561/62 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, 12333 विभूति एक्सप्रेस, 12582 नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा 65132 प्रयागराज रामबाग-मऊ मेमू एक्सप्रेस सहित विभिन्न सवारी गाड़ियों में किलाबंदी कर सघन टिकट जांच की गई। इस विशेष अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक पी.एन. मिश्रा के साथ मुख्य टिकट निरीक्षक विवेक बाजपेयी, मारूफ खान, तथा टिकट निरीक्षक उमेश यादव, नरेंद्र पाठक और अमित समेत कुल 17 टिकट जांच कर्मचारियों और 07 रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान कुल 170 बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे रेलवे राजस्व के रूप में ₹58,540 (अठावन हजार पांच सौ चालीस रुपये) का जुर्माना वसूल किया गया।इसके अतिरिक्त, 15 यात्रियों को जुर्माना न चुकाने पर रेलवे मजिस्ट्रेट प्रशांत मिश्रा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिनमें से 11 ने बाद में जुर्माना अदा कर दिया, जबकि 04 यात्रियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया हेतु ट्रायल के लिए भेजा गया। इस सघन जांच अभियान के दौरान स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि कार्रवाई का सीधा असर यात्रियों पर पड़ा है।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें और हमेशा वैध टिकट लेकर ही सफर करें, ताकि अनावश्यक दंड और असुविधा से बचा जा सके।




