
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में रेल संरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में बनारस–प्रयागराज रामबाग रेलखंड के ज्ञानपुर–झूंसी खंड पर आमजन को सुरक्षित रेल संचालन में सहयोग के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के तहत हंडियाखांस–रामनाथपुर रेलखंड के बीच स्थित समपार संख्या 56/C पर ग्रामीणों और सड़क उपयोगकर्ताओं को रेल सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। लोगों को बंद समपार फाटक के नीचे या किनारे से होकर रेलवे ट्रैक पार नहीं करने, गेटमैन पर फाटक खुलवाने के लिए दबाव नहीं बनाने तथा रेलवे ट्रैक पर पशुओं को न ले जाने के लिए जागरूक किया गया।

इसके साथ ही समपार फाटकों के आसपास स्थित विद्यालयों में “शिक्षा अदालत” कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को सुरक्षित रेल यात्रा, रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश से बचने, चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने का प्रयास नहीं करने और रेल संरक्षा नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान बच्चों और ग्रामीणों को रेल संरक्षा संदेशों से युक्त पंपलेट, झोले और डायरी वितरित कर जागरूकता का संदेश दिया गया।
रेल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जल्दबाजी और लापरवाही से बचें, बंद समपार फाटक पर धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करें तथा रेलवे ट्रैक को केवल अधिकृत स्थानों से ही पार करें। अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग, सतर्कता और जागरूकता से रेल दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।
इस अभियान में संरक्षा सलाहकार (समाडि) बी.के. सिंह, संरक्षा सलाहकार (टीआरडी) विकास कुमार भारती तथा यातायात निरीक्षक/संरक्षा अविनाश कुमार मिश्रा ने सक्रिय भूमिका निभाई।




