
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में आबकारी नियमों के कथित उल्लंघन का मामला सामने आया है। आरोप है कि कैम्पल रोड स्थित अंबेडकर पार्क के सामने संचालित एक देसी शराब की दुकान पर निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है।
सामने आए एक वीडियो में कथित तौर पर देखा जा सकता है कि ठेके का शटर बंद है, लेकिन उसके नीचे से ग्राहकों को शराब उपलब्ध कराई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का दावा है कि इस पूरे मामले की जानकारी संबंधित आबकारी निरीक्षक को भी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्षेत्र की महिलाओं और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि देर रात तक शराब की कथित बिक्री से इलाके का माहौल प्रभावित होता है और आए दिन लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और आबकारी विभाग पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है या नहीं।




