
-रेवसा रिंग रोड सर्विस लेन पर चेकिंग के दौरान कार्रवाई, वाहन समेत दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े; गोवंश को बिहार ले जाने की बात पूछताछ में आई सामने
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चंदौली जनपद चंदौली में गौतस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस को कार्रवाई के दौरान सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रेवसा रिंग रोड सर्विस लेन के पास चेकिंग के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन से एक गोवंश बरामद किया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बरामद वाहन का नंबर UP65CT9902 बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशन तथा थाना अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में 15 अक्टूबर को की गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध मैजिक वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें एक गोवंश लदा मिला। इसके बाद पुलिस ने वाहन सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में चोलापुर से बिहार ले जाने की बात आई सामने
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे वाहन स्वामी के कहने पर वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र से गोवंश को लादकर बिहार ले जा रहे थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे गायों को बेचकर अपनी जीविका चलाते हैं। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है—
1. अखिलेश कुमार सिंह (40 वर्ष) पुत्र गिरजा शंकर सिंह, निवासी नियारडीह, थाना चोलापुर, जनपद वाराणसी।
2. राज कुमार चौहान (48 वर्ष) पुत्र हरि चौहान, निवासी नियारडीह, थाना चोलापुर, जनपद वाराणसी।
गोवंश और मैजिक वाहन बरामद
अलीनगर पुलिस ने कार्रवाई के दौरान निम्नलिखित बरामदगी की है—
1. एक गोवंश।
2. एक टाटा मैजिक वाहन, पंजीकरण संख्या UP65CT9902।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 635/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल पासवान, मुख्य आरक्षी राकेश कुमार सिंह, आरक्षी प्रभाकर और आरक्षी शान खान शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से गौतस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को गति मिली है। अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




