
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर रेलवे के अंतर्गत वाराणसी जंक्शन स्थित रनिंग रूम का मंगलवार को तिमाही निरीक्षण किया गया। निरीक्षण बृजेश कुमार यादव एवं अर्पित गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान रनिंग रूम में उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, खानपान व्यवस्था और कर्मचारियों को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रनिंग रूम की स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और वहां ठहरने वाले लोको पायलटों तथा गार्डों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। शिकायत पुस्तिका में दर्ज समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही कमरों के आवंटन की प्रक्रिया और कर्मचारियों के लिए उपलब्ध मूलभूत व्यवस्थाओं की भी जांच की गई।
इस अवसर पर महिला लोको पायलट और महिला गार्डों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए तीन नए आधुनिक विश्राम कक्षों का उद्घाटन भी किया गया। खास बात यह रही कि इन विश्राम कक्षों का उद्घाटन महिला लोको पायलटों के हाथों कराया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि महिला कर्मचारियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर कार्य वातावरण को ध्यान में रखते हुए इन कमरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक और स्टेशन निदेशक ने रनिंग रूम में मौजूद लोको पायलटों एवं गार्डों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। कर्मचारियों ने खानपान, विश्राम व्यवस्था और अन्य सुविधाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की सुविधा और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।निरीक्षण में अधिकारियों को कुछ कमियां भी दिखाई दीं, जिस पर संबंधित पर्यवेक्षकों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों को बेहतर, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि वे बेहतर ढंग से अपनी सेवाएं दे सकें।इस दौरान मंडल विद्युत अभियंता चिराग, सहायक दूरसंचार अभियंता भसुली प्रसाद, सहायक मंडल अभियंता राजित राम, सहायक विद्युत अभियंता संकल्प उपाध्याय सहित कई अन्य पर्यवेक्षक एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।





