- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली जनपद में उत्तर प्रदेश बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026-27 के सफल एवं नकलविहीन आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आगामी 31 मई को होने वाली इस परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार पांडेय तथा जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान जिले के सभी 14 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों, केंद्र प्रतिनिधियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों और पर्यवेक्षकों को परीक्षा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। सभी अधिकारियों ने परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने का संकल्प लिया।
नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6320 परीक्षार्थी दो पालियों में परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर शासन स्तर से भी पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सके।




