
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियानों में वाराणसी जोन पुलिस ने सितंबर के पहले दो सप्ताह में व्यापक कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में वांछित अपराधियों और एनबीडब्ल्यू वारंटियों को गिरफ्तार किया है। 1 से 14 सितंबर 2026 तक चले अभियान में जोन के विभिन्न जिलों में लंबित विवेचनाओं के निस्तारण से लेकर साइबर अपराध, गुमशुदगी और फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण और अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के निर्देशन में चलाए गए अभियान में कुल 487 एनबीडब्ल्यू वारंटियों की गिरफ्तारी की गई। इनमें जौनपुर पुलिस ने सबसे अधिक 227 और सोनभद्र पुलिस ने 195 एनबीडब्ल्यू की गिरफ्तारी कर उल्लेखनीय कार्रवाई की।
वहीं जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़ और सोनभद्र में वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान गाजीपुर में 40 और जौनपुर में 37 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में भी पुलिस ने 13 गिरफ्तारियां कीं। इनमें गाजीपुर के पांच, आजमगढ़ के चार और सोनभद्र के चार पुरस्कार घोषित अपराधी शामिल हैं।
192 गुमशुदा और अपहृत बरामद
आजमगढ़ परिक्षेत्र में गुमशुदा, अपहृत और अपहृता की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए 192 लोगों को बरामद किया। पुलिस की इस कार्रवाई को अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया गया है।
4,954 आईडी एफआईआर से लिंक
ई-साक्ष्य और एसआईडी लिंकिंग अभियान में भी पुलिस ने तेजी दिखाई। अभियान के दौरान 4,699 नई एसआईडी क्रिएट की गईं, जबकि 4,954 आईडी को एफआईआर से लिंक कराया गया। इस तरह एसआईडी लिंकिंग में निर्धारित लक्ष्य का 105 प्रतिशत हासिल किया गया।
ई-सम्मन तामील अभियान के तहत 1,509 ई-सम्मन तामील कराए गए, जिससे ई-सम्मन अनुपालन का प्रतिशत 72.44 से बढ़कर 78.85 प्रतिशत हो गया।
658 साइबर शिकायतों का निस्तारण
विंध्याचल परिक्षेत्र में साइबर अपराध की रोकथाम के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों में 658 साइबर शिकायतों का निस्तारण कराया गया।
इसके अलावा चंदौली, मऊ, मीरजापुर और भदोही में ‘यक्ष एप’ अपडेट अभियान के तहत कुल 1,961 अपराधियों की प्रविष्टियां की गईं। इनमें मऊ पुलिस ने अकेले 1,490 प्रविष्टियां दर्ज कराईं।
अभियान के दौरान 60 और 90 दिवस में निस्तारित होने वाली लंबित विवेचनाओं में क्रमशः 230 और 37 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक ने दो सप्ताह में हुई कार्रवाई को टीमवर्क और वरिष्ठ अधिकारियों के निकट पर्यवेक्षण का परिणाम बताते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। साथ ही अभियान के शेष दो सप्ताह में भी अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





