
लखनऊ: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग की विशेष टीम ने टैक्स चोरी के बड़े मामले का खुलासा किया है। टीम ने एयरपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये कीमत के Apple iPhone और MacBook की खेप पकड़ी है। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ न तो वैध बिल मिला और न ही ई-वे बिल। इसके बाद विभाग ने पूरी खेप जब्त कर संबंधित व्यापारी पर 14.32 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है।
अहमदाबाद से फ्लाइट के जरिए लखनऊ पहुंची थी लाखों की खेप
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की यह खेप गुजरात के अहमदाबाद से विमान के जरिए लखनऊ लाई गई थी। आरोप है कि सामान को बिना जरूरी दस्तावेजों के उत्तर प्रदेश के अलग-अलग बाजारों में खपाने की तैयारी थी।
एयरपोर्ट पर जांच के दौरान जब अधिकारियों ने सामान से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वाहक कोई वैध बिल या ई-वे बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाणिज्य कर विभाग के सचल दल ने पूरी खेप को अपनी कस्टडी में ले लिया।
नए-पुराने iPhone और MacBook बरामद, 14.32 लाख का जुर्माना
जांच में खेप के भीतर Apple iPhone और MacBook के कई नए और पुराने मॉडल पाए गए। विभाग ने दस्तावेजों के अभाव और टैक्स चोरी के मामले में संबंधित व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14.32 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
अधिकारियों की जांच अब केवल जब्त माल तक सीमित नहीं है। टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि अहमदाबाद से माल किस कारोबारी ने भेजा था और लखनऊ में इसे किन स्थानीय डीलरों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही लेन-देन और सप्लाई चेन से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट और रेलवे के जरिए बिना बिल के महंगा माल लाने पर नजर
राज्य कर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, टैक्स चोरी के तरीके लगातार बदल रहे हैं। बिना बिल के महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान को एयरपोर्ट, रेलवे और अंतरराज्यीय परिवहन के जरिए एक राज्य से दूसरे राज्य में पहुंचाने की कोशिशों पर विभाग की नजर है।
अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस मामले में आगे की जांच के आधार पर अन्य कारोबारियों या सप्लायरों की भूमिका भी सामने आ सकती है। टैक्स चोरी से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए विभाग की निगरानी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।




