
-6 से 10 नवंबर तक खुलेंगे मंदिर के कपाट, सुबह 5 बजे से रात 11:15 बजे तक होंगे दर्शन; सीसीटीवी, ड्रोन और महिला पुलिसकर्मियों से होगी निगरानी
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने मां अन्नपूर्णा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
मां अन्नपूर्णा मंदिर के कपाट 6 नवंबर से 10 नवंबर तक पांच दिनों के लिए स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन हेतु खोले जाएंगे। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 11:15 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज से संवाद कर दर्शन व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी रखने तथा ड्रोन कैमरों से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, एकल मार्ग व्यवस्था का प्रभावी पालन कराने और भीड़ का दबाव बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और सादे वस्त्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जेबकतरों, अराजक तत्वों और श्रद्धालुओं को परेशान करने वालों पर विशेष नजर रखते हुए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
अधिकारियों ने व्यापारियों और दुकानदारों से संवाद कर मंदिर के आसपास की सड़कों और गलियों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा दुकानों का सामान सड़क तक नहीं फैलाने की अपील की। पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं बच्चों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।




