
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चन्दौली अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मुगलसराय पुलिस ने गुरुवार को क्षेत्र में व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों और हिस्ट्रीशीटरों पर शिकंजा कसा। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में घूम रहे 80 व्यक्तियों की चेकिंग की। इनमें संदिग्ध प्रतीत हुए 15 लोगों को रोककर पूछताछ और सत्यापन किया गया।
पुलिस के अनुसार, सत्यापन के बाद आवश्यक कार्य से आवागमन करने वाले पांच लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जबकि सार्वजनिक मार्गों पर अनावश्यक रूप से घूमने और शराब के नशे में पाए गए 10 व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई।
हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंची पुलिस, खंगाली गतिविधियों की जानकारी
अभियान का एक अहम हिस्सा क्षेत्र में चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों का भौतिक सत्यापन रहा। पुलिस टीम ने हिस्ट्रीशीटरों के निवास स्थान पर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इस दौरान एक हिस्ट्रीशीटर अपने घर पर मौजूद मिला, जिसके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाकर पुलिस अभिलेखों को अद्यतन किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि क्षेत्र में पहले से चिन्हित आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय रहते पुलिस तक पहुंच सके।
नशे में घूमने वालों से लेकर बेवजह घूम रहे लोगों तक कार्रवाई
धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जद में आए 10 लोगों में कुछ के खिलाफ शराब के नशे में घूमने, जबकि अन्य के खिलाफ सार्वजनिक मार्गों पर अनावश्यक रूप से घूमने के मामले में कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की सूची में प्रशान्त कुमार, प्रांजल चौहान, लक्ष्मण यादव, आदित्य, अनिल कुमार, लकी, सूरज चौहान, अमित चौहान, शमशेर और मनोज शर्मा शामिल हैं।
15 संदिग्धों से पूछताछ, पांच को चेतावनी
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध नजर आए 15 लोगों को रोककर उनकी पहचान और गतिविधियों का सत्यापन किया। इनमें अभय गुप्ता, विकास, आकाश सिंह, विशाल और विपिन को सत्यापन के बाद आवश्यक हिदायत और चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
अपराधियों पर नजर, सड़कों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ी
मुगलसराय पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस टीम ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय रहकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में उपनिरीक्षक दीनानाथ सिंह, उपनिरीक्षक सीताराम यादव, हेड कांस्टेबल बसन्त सिंह, कांस्टेबल विशाल वर्मा सहित थाना मुगलसराय के समस्त चौकी एवं हल्का प्रभारी मय हमराह शामिल रहे।





