
- विशेष संसद सत्र से पहले प्रधानमंत्री ने शेयर किया पुराना वीडियो, कहा- महिला आरक्षण की राह में आने वाली हर रुकावट दूर करेंगे
New Delhi. संसद के आगामी विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महिला आरक्षण को लेकर अपनी सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश की ‘नारी शक्ति’ से जो वादा किया है, उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारा हौसला बुलंद है, हिम्मत अटूट है और इरादा भी अडिग है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” इसके साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपना पुराना वीडियो संदेश भी साझा किया।
पीएम मोदी बोले- दशकों से चल रही है महिला भागीदारी की लड़ाई
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को भागीदारी दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। वह भी वर्षों से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की कई महिलाओं ने उनसे मुलाकात के दौरान और पत्रों के माध्यम से महिला आरक्षण का मुद्दा उठाया है।
पीएम मोदी ने कहा कि वह देश की महिलाओं को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि सरकार महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां भी महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को रोक नहीं पाएंगी।
महिला आरक्षण के विरोध पर भी पीएम ने दिया संदेश
प्रधानमंत्री ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद सरकार के साथ है। उन्होंने भरोसा जताया कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का लक्ष्य पूरा होगा। पीएम मोदी के मुताबिक, महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दल महिलाओं को उनका प्रतिनिधित्व हासिल करने से नहीं रोक सकेंगे।
केंद्रीय कैबिनेट ने महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को दी मंजूरी
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संशोधित विधेयकों को मंजूरी दी गई। इनमें संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन से संबंधित विधेयक शामिल हैं।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान रखा गया है। इसके जरिए महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करने की कोशिश की गई है।
2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने का लक्ष्य
सरकार की योजना इन विधेयकों के जरिए 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की है। हालांकि, इसके लिए संसद में विधेयकों का पारित होना और जरूरी संवैधानिक प्रक्रियाओं का पूरा होना आवश्यक है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है, जिसमें इन प्रस्तावों पर चर्चा और आगे की विधायी प्रक्रिया होने की संभावना है।




