
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा/यूपी हेड
Lucknow. उत्तर प्रदेश में वायु प्रदूषण के स्तर में सुधार दर्ज किया गया है। वर्ष 2021 से 2025 के बीच प्रदेश में PM2.5 के वार्षिक औसत स्तर में 36.7 प्रतिशत की कमी आई है। इसके बावजूद नवंबर के महीने में हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित रहती है। विशेषज्ञों का मानना है कि वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अब केवल शहरों पर ध्यान देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि गांवों और छोटे कस्बों को भी स्वच्छ हवा की मुहिम से जोड़ना होगा।
लखनऊ में शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय विशेषज्ञ बैठक में सामने आए अध्ययन के निष्कर्षों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में PM2.5 का वार्षिक औसत स्तर 2021 में 81.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, जो 2025 में घटकर 51.6 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया। वहीं, राष्ट्रीय 24 घंटे के मानक 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक प्रदूषण वाले दिनों का अनुपात 54 प्रतिशत से घटकर 28.2 प्रतिशत हो गया।
नवंबर में सबसे ज्यादा प्रदूषित रहती है यूपी की हवा
प्रदूषण के स्तर में गिरावट के बावजूद मौसमी चुनौती बनी हुई है। क्लाइमेट ट्रेंड्स के अध्ययन के मुताबिक, नवंबर में PM2.5 का औसत स्तर 112.6 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जबकि जुलाई में यह केवल 24.6 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मुजफ्फरनगर और मेरठ सर्वाधिक प्रदूषण प्रभावित शहरों में शामिल रहे। अध्ययन के अनुसार, वर्ष 2025 में भी चार में से एक से अधिक दिन प्रदूषण का स्तर निर्धारित दैनिक मानक से ऊपर दर्ज किया गया।
शहरों के साथ गांवों में भी होगी प्रदूषण की निगरानी
विशेषज्ञों ने कहा कि वायु प्रदूषण किसी शहर या जिले की सीमा तक सीमित नहीं रहता। शहरों में पैदा होने वाला प्रदूषण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी प्रभावित करता है। इसलिए शहर आधारित प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था के बजाय पूरे एयरशेड यानी साझा वायु क्षेत्र के आधार पर रणनीति बनाने की जरूरत है।
बैठक में IIT कानपुर के शोध का भी उल्लेख किया गया। उत्तर प्रदेश और बिहार में लगाए गए 1,400 से अधिक कम लागत वाले सेंसरों से प्राप्त आंकड़ों ने प्रदूषण की स्थिति को अधिक व्यापक तरीके से समझने में मदद की है।
बिहार में 500 से अधिक सेंसर लगाए जाने से निगरानी केंद्रों के बीच औसत दूरी 2,700 वर्ग किलोमीटर से घटकर करीब 175 वर्ग किलोमीटर रह गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे कस्बों में भी वायु गुणवत्ता की निगरानी आसान हुई है।
पूरे इंडो-गंगेटिक क्षेत्र के लिए साझा रणनीति की जरूरत
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष आरपी सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन मुख्य रूप से शहरों तक सीमित रहा है। प्रदूषण के स्रोतों और उनके प्रभाव को समझने के लिए व्यापक शोध और साझा आंकड़ों की आवश्यकता है।
उन्होंने पूरे इंडो-गंगेटिक क्षेत्र के लिए योजना बनाने, निर्णय लेने और उन्हें लागू करने के उद्देश्य से एक समन्वित प्राधिकरण गठित करने की जरूरत बताई।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समयबद्ध कार्रवाई जरूरी
क्लाइमेट ट्रेंड्स की रिसर्च लीड डॉ. पलक बल्यान ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में प्रगति की है, लेकिन घनी आबादी और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण चुनौतियां अभी भी बड़ी हैं। इस सुधार को बनाए रखने के लिए शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में समयबद्ध कदम उठाने होंगे।
वायु प्रदूषण पूरे शरीर के स्वास्थ्य को करता है प्रभावित
KGMU लखनऊ के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत ने स्वच्छ हवा को प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार बताया। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण शरीर के किसी एक अंग को नहीं, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। इसके कारण जीवन प्रत्याशा पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
यह विशेषज्ञ बैठक IIT कानपुर, KGMU और डॉक्टर्स फॉर क्लीन एयर एंड क्लाइमेट एक्शन के सहयोग से क्लाइमेट ट्रेंड्स की ओर से आयोजित की गई थी। इसमें प्रदूषण नियंत्रण के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को एक साथ जोड़ने तथा एयरशेड आधारित प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया।




