
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा/यूपी हेड
Lucknow. उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई जिलों के पुलिस कप्तानों और पुलिस कमिश्नरों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में प्रयागराज, वाराणसी, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जैसे महत्वपूर्ण पुलिस कमिश्नरेट में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
मोहित अग्रवाल बने प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर
जारी तबादला सूची के अनुसार, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को लखनऊ में एडीजी स्थापना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गाजियाबाद और नोएडा के पुलिस कमिश्नर भी बदले
पुलिस प्रशासन में हुए बदलाव के तहत गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
इसके अलावा किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
तबादला सूची में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, लखनऊ और रहमत शर्मा को एडीजी लखनऊ जोन बनाया गया है। वहीं, प्रभाकर चौधरी को डीआईजी लखनऊ परिक्षेत्र तथा अभिषेक सिंह को डीआईजी आगरा परिक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुरादाबाद और अयोध्या के SSP भी बदले
जिलों में पुलिस कप्तानों की तैनाती में भी बदलाव किया गया है। डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बनाया गया है, जबकि सतपाल को अयोध्या का नया SSP नियुक्त किया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कुल 28 अधिकारियों की तबादला सूची जारी की गई है। साथ ही कुछ अधिकारियों के पहले जारी किए गए तबादला आदेश भी निरस्त किए गए हैं।





