
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा/यूपी हेड
Lucknow: गोमती नगर स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की टीबी (क्षय रोग) इकाई का राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश झा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान इकाई में कार्यरत सभी राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित और मुस्तैद मिले। केंद्र की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित पाए जाने पर उन्होंने संतोष जताया।
ड्यूटी पर मुस्तैद मिले सभी कर्मचारी
निरीक्षण के दौरान राज्य क्षय रोग अधिकारी ने इकाई की कार्यप्रणाली और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। सभी कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यों के प्रति उनकी सक्रियता देखकर उन्होंने टीम की सराहना की।

निक्षय पोर्टल पर डेटा अपडेट की जानकारी दी
इस दौरान टीबी इकाई के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक (STS) अरुण कुमार ने डॉ. राजेश झा को केंद्र की प्रमुख उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने निक्षय पोर्टल पर टीबी मरीजों के डेटा को नियमित रूप से अपडेट करने की प्रगति से भी अवगत कराया।
सीबीनैट लैब की कार्यप्रणाली का लिया जायजा
इकाई के वरिष्ठ टीबी प्रयोगशाला पर्यवेक्षक (STLS) ने सीबीनैट (CBNAAT) लैब की कार्यप्रणाली और टीबी की जांच से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान जांच सुविधाओं की गुणवत्ता और लैब के संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
क्षय रोग उन्मूलन अभियान में तेजी लाने के निर्देश
बेहतर प्रबंधन, समयबद्ध ऑनलाइन डेटा अपडेट और जांच सुविधाओं की गुणवत्ता को देखते हुए राज्य क्षय रोग अधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने इकाई के सभी कर्मचारियों के समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। साथ ही भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए क्षय रोग उन्मूलन अभियान को और गति देने के लिए प्रोत्साहित किया।




